दस मेहमानों में निपटानी है शादी, इस घर में पहुंचे थे 110 घराती


 

बढ़ते कोरोना संक्रमण की मुश्किलों को देखते हुए प्रशासन ने अधिकतम दस मेहमानों की उपस्थिति में वैवाहिक कार्यक्रम निपटाने कहा है। अनुमति के विपरीत शादी वाले एक घर में करीब 110 घराती पहुंच गए थे। सूचना मिलने पर निरीक्षण कर शिकायत की पुष्टि करने पहुंचे संयुक्त प्रशासनिक टीम ने कन्या पक्ष के इस परिवार पर दस हजार रुपये जुर्माना आरोपित किया और नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।

मुहूर्त खुलने पर इन दिनों एक बार फिर से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। जगह-जगह लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में शादी वाले घरों की भीड़ संक्रमण की संभावनाओं को बढ़ा न दे, इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। लाकडाउन की पाबंदियों से शादी कार्यक्रमों को पृथक तो रखा गया है, पर मेहमानों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासन ने वर और कन्या पक्ष को मिलाकर अधिकतम दस मेहमानों को सूचीबद्ध का वैवाहिक कार्यक्रम निपटाने के आदेश दे रखे हैं। बावजूद इसके अनेक परिवार इस नियम को अनदेखा करने का प्रयास कर रहे। ऐसा ही एक मामला शनिवार को सामने आया। ऐसे कार्यक्रम वाले घरों व लाकडाउन के प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित करने गठित निगरानी दल को सूचना मिली थी कि ग्राम गोढ़ी में रहने वाले एक परिवार के घर शादी की तैयारियां चल रहीं। कन्या पक्ष के घर इस कार्यक्रम में शामिल होने निर्धारित से अधिक मेहमान पहुंचे हैं। निगरानी कर रही राजस्व विभाग व खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम इस गांव में पहुंची। शादी वाले घर में निरीक्षण करने पर वहां दस की बजाय करीब 110 मेहमानों की भीड़ देखने को मिला। निर्धारित नियम टूटने पर टीम ने परिवार पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जल्द से जल्द उन्हें नियमों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश भी दी गई। इस कार्रवाई में संयुक्त प्रशासनिक टीम का नेतृत्व कर रहे नायब तहसीलदार मनहरण राठिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन व खाद्य निरीक्षक हरीश सोनेश्वरी शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments