होम डिलवरी के बजाए दुकान से राशन बेचने पर कार्रवाई


 

होम डिलवरी के बजाए दुकान से ही सामान बेचने वाले दुकान संचालक के साथ ही सब्जी व फल व्यवसायी के नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया। इसके साथ ही हिदायत दी कि फल व सब्जी एक स्थान में खड़े होक बेचने के बचाए बस्तियों व कालोनियों में घूम-घूम कर बेचें।

शासन ने कालोनियों, बस्तियों आदि में घूम-घूमकर ठेलों में फल, सब्जी आदि का विक्रय निर्धारित समय सीमा के अंदर किए जाने की छूट विक्रेताओं को दी है, पर इस छूट का नाजायज लाभ उठाकर सब्जी, फल विक्रेताओं द्वारा मुख्य मार्ग, सड़क, चौक-चौराहों में एक ही स्थान पर ठेला लगाकर विक्रय किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त एस जयवर्धन ने निगम अमले को कार्रवाई करने का कहा है। इस पर निगम अमले ने विभिन्ना स्थानों पर लगाए गए फल सब्जी ठेला व्यवसायी पर कार्रवाई करते हुए हिदायत दी कि वे एक ही स्थान पर ठेला लगाकर फल, सब्जी न बेचें, बल्कि बस्ती, कालोनियों, गली मोहल्लों में घूम-घूमकर फल, सब्जी का विक्रय करें। साथ ही एक समय में एक ही ग्राहक को सामग्री दें। खुद भी मास्क लगाएं तथा ग्राहकों से भी मास्क लगाने को कहें, तभी उन्हें सामग्री दें। इसी प्रकार अनेक फल, सब्जी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित समय के पश्चात भी फल सब्जी का विक्रय किया जा रहा था, इस पर भी निगम अमले ने कार्रवाई करने के साथ ही समयसीमा तक ही फल, सब्जी का विक्रय करने कहा। दैनिक जरूरत की आवश्यक सामग्रियों की होम डिलेवरी करने के बजाए कोरबा जोनांतर्गत रतेरिया सुपर मार्केट में दुकान में ही ग्राहक को सीधे सामान का विक्रय करने पर कार्रवाई की गई। संचालक पर अर्थदंड लगाते हुए भविष्य में सीधे विक्रय नहीं करने कहा है।

Post a Comment

0 Comments