कोरबा में बढ़ते कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए अब सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और स्वयं सेवी संस्थाएं भी आगे आ रहीं हैं। जिले में जैसे-जैसे कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है उसे रोकने और नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन का जज्बा और जोश भी बढ़ रहा है। इस जोश को जिले के स्वयंसेवी संगठनों के साथ-साथ सेवाभावी नागरिकों तथा औद्योगिक और व्यवसायिक संगठनों ने सहयोग करके और भी अधिक गति प्रदान की है ।
सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए बालको प्रबंधन ने बालाजी कोविड अस्पताल में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए दस नए नान इनवेसिव वेंटिलेटर अस्पताल प्रबंधन को सौंपे। बालको की ओर से प्रतिनिधि अवतार सिंह ने बालाजी कोविड अस्पताल के लिए एसडीएम सुनील नायक को यह दस नान इनवेसिव वेंटिलेटर सौंपे। इन वेंटिलेटरों के मिल जाने से बालाजी अस्पताल की आक्सीजन युक्त बिस्तरों की संख्या 60 से बढ़कर 70 हो गई है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर आशीष देवांगन और अस्पताल कंसल्टेंट डा देवेंद्र गुर्जर भी मौजूद रहे।


0 Comments